सिरसिया थाने में बैठक करते एएसपी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी पर किसी भी संगठन की ओर से काला दिवस या शौर्य दिवस न मनाया जाए इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। जिले में अमन चैन व सुरक्षा बनाए रखने के लिए गुरुवार को जिला पुलिस ने तहसील सहित न्यायालय परिसर व बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। इस दौरान एएसपी ने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
अयोध्या में छह दिसंबर को विवादित ढांचा गिराया गया था। वहीं हाल ही में अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से फैसला भी आ गया है। ऐसे में छह दिसंबर को कोई भी व्यक्ति अमन चैन न बिगाड़ने पाए इसके लिए जिला पुलिस सर्तक है। चुनौतियों से निपटने व समाज में भयमुक्त वातावरण बनाने के लिए जिला पुलिस ने सभी थानों में शांति समिति की बैठक की। वहीं लोगों से अमन चैन बनाए रखने की अपील भी की।
सिरसिया थाने में आयोजित शांति समिति की बैठक में शामिल होने आए एएसपी बीसी दुबे ने पुलिस कर्मियों के साथ नेपाल सीमा से सटे गांवों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही ग्रामीणों से सीमा पार आने जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर निगाह रखने व संदिग्धों की सूचना स्थानीय पुलिस को देने को कहा। एएसपी ने बताया कि पुलिस के साथ ही सीमा पर तैनात एसएसबी पूरी तरह से सतर्क है। आने जाने वालों में यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति प्रतीत होता है तो उससे गहनता से पूछताछ की जा रही है। बौद्ध तपोस्थली की भी सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरुस्त की गई है।