अलक्षेंद्र इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारी व मौजूद छात्र छात्राएं।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शुक्रवार को अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस को सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. महेंद्र प्रसाद भारती ने की। इस दौरान सभी ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेंद्र प्रसाद भारती ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर संविधान के निर्माता होने के साथ ही एक महान समाज सुधारक थे। उन्होंने छुआछूत और जातिवाद जैसी सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने के लिए कई आंदोलन किए। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, वंचितों और समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए न्योछावर कर दिया।
बाबा साहेब ने 6 दिसंबर 1956 को दिल्ली में अंतिम सांस ली। वहीं विद्यालय के प्राचार्य ज्योति प्रकाश पांडेय ने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के छोटे से गांव महू में हुआ था। वह अपने पिता रामजी मालोजी सकपाल और माता भीमाबाई की 14वीं संतान थे। डॉ. आंबेडकर ज्यादातर समय सामाजिक कार्यों में ही व्यस्त रहते थे।
वहीं जिला संयोजक रुद्र त्रिपाठी रिशु ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के विकास के लिए सांप्रदायिक सौहार्द, सद्भाव बहुत जरूरी है। हम सभी को आपसी सद्भाव को कायम करने के लिए भेदभाव को मिटाना होगा। विद्यार्थी परिषद सामाजिक समरसता को बढ़ावा देती है, और सामाजिक समरसता के माध्यम से छात्रों के अंदर राष्ट्रवाद की भावना को पैदा करती है। इस मौके पर जितेंद्र मिश्रा, सुधांशु पांडे सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।