बेटी बचाओ की शपथ दिलाती डीएम व मौजूद अधिकारी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन इस वर्ष केवल रस्म अदायगी तक ही सिमटा रहा। कलेक्ट्रेट सभागार में इसके लिए बैठक का आयोजन हुआ। इसमें कुछ योजनाओं से संबंधित बैनर लगाए गए थे। यहीं पर बाल विवाह सहित कुछ योजनाओं पर चर्चा करके कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया। इस कार्यक्रम से आम जनता का कोई भी सरोकार नहीं रहा। इस दौरान अधिकारियों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली।
राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस की वर्षगांठ मनाती है। इसके लिए कार्यक्रम का आयोजन होता है। इसमें राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाती है। यही नहीं जिले में हुए कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया जाता है। इस बार जिले में उत्तर प्रदेश दिवस महज औपचारिकता बन कर रह गया।
इसके लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें डीएम यशु रुस्तगी ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने बाल विवाह, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर मौजूद अधिकारियों व प्रधानों को इस कार्य में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की नसीहत दी। इस दौरान बढ़ती शिशु मृत्यु दर पर भी चर्चा की गई। वहीं महिलाओं के लिए संचालित हेल्प लाइन 1090 सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई।
सीडीओ अवनीश राय ने सुजल एवं स्वच्छ गांव के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान उप जिलाधिकारी व जिला प्रोबेशन अधिकारी आरपी चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी एपी यादव, परियोजना निदेशक बाल गोविंद शुक्ला, डीसी मनरेगा, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रपाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा, उप कृषि निदेशक आरपी राना, जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार श्रीवास्तव, समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह सहित ग्राम प्रधान मौजूद रहे।