कार्यक्रम के दौरान मार्च करते छात्र। - स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। जूनियर हाईस्कूल भिनगा में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दो दिवसीय 24वीं जिलास्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इस दौरान गुब्बारा व कबूतर उड़ाकर शांति व सद्भाव का संदेश भी दिया गया। खिलाड़ियों ने मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि मनुष्य के जीवन में खेल का बड़ा महत्व है। शरीर और दिमाग को विकसित करने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए इसे नियमित दिनचर्या में लाना चाहिए।
विधायक रामफेरन पांडेय ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। खेलो इंडिया के तहत खेल-कूद को प्रोत्साहित करने के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे युवा पढ़ाई के साथ खेल में भी दक्ष बन सकें। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मिश्रीलाल वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों की प्रतिभा निखरती है।
डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में भी कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर शिक्षा दी जा रही है, जिससे बच्चों के शैक्षिक स्तर में भी बहुत सुधार हुआ है। एसपी राहुल भाटी, सीडीओ शाहिद अहमद ने भी बच्चों को संबोधित किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन छात्रों ने टोली के साथ फ्लैग मार्च कर सलामी दी। इसके साथ ही दौड़, कबड्डी व गोला फेंक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक अजीत उपाध्याय ने किया। इस मौके पर बीएसए अजय कुमार गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य रमन सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गिलौला प्रकाश चंद्र सहित अन्य मौजूद रहे।