फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंदगी मुक्त भारत अभियान के तहत चला पौधरोपण अभियान

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। साप्ताहिक गंदगी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार जिले में वृहद पौधरोपण व श्रमदान किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने सभी पंचायतों में 10 हजार से अधिक पौध लगाए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी ने सुविखा गांव में पौधरोपण कर किया। इस अभियान के तहत ग्रामीणों ने अपने खेत, घर आंगन, दरवाजे सहित सार्वजनिक भूमि पर सहजन सहित कई अन्य प्रजाति के पौधों का रोपण किया।
विज्ञापन

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत साप्ताहिक गंदगी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आठ अगस्त से 15 अगस्त तक जिले की सभी पंचायतों में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसी अभियान के तहत बुधवार को जिले की सभी 397 पंचायतों में श्रमदान के तहत पौधरोपण किया गया।
इसमें ग्रामीणों ने अपने खेत, आंगन व दरवाजों पर सहजन सहित कई अन्य पौधों को रोपित किया। सहजन के पौधे रोपने का उद्देश्य आम लोगों को जलौनी लकड़ी के साथ ही आयरन युक्त सब्जी उपलब्ध कराना है। ताकि आम लोगों का स्वास्थ्य तो सुधरे ही साथ ही इसे बेचकर लोग अपनी आय भी बढ़ा सकें।
विज्ञापन

इस अभियान के तहत पंचायतों में लगभग 10 हजार पौधे रोपे गए। कार्यक्रम का शुभारंभ करते समय जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने कहा कि पौधरोपण केवल एक सरकारी अभियान नहीं बल्कि ये हमारी आवश्यकता भी है। किसानों को चाहिए कि वे कुछ फलदार या फिर सब्जी के रूप में उपयोग आने वाले पौधों को अपने घर के आंगन में जरूर लगाएं। इससे सब्जी व फल के लिए ग्रामीणों की बाजार से निर्भरता कम होगी।
उन्हें अपने घर में ही पौष्टिक फल व सब्जी मिल सकेगी। ऐसे में गंदगी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीणों को सहजन का पौध प्राथमिकता के साथ लगाने को कहा गया था। सहजन का फल कई बीमारियों में औषधि का काम करता है। साथ ही ये आयरन युक्त सब्जी है। इससे रक्त अल्पता तो दूर होती है, साथ ही रक्त शोधन भी होता है। ये पौधा पर्यावरण के लिए भी उपयुक्त है।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के जिला समन्वयक राजकुमार त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को इस अभियान के तहत ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों के बच्चे गंदगी मुक्त भारत अभियान विषय पर ऑनलाइन पेंटिंग व कक्षा नौ व बारह के बच्चे इसी विषय पर निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें