श्रावस्ती। इकौना क्षेत्र के मोहनीपुर-पयागपुर मार्ग पर नेजाभार गांव के निकट मंगलवार को कोहरे के चलते ट्रक से एक पिकअप टकरा गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने के कारण इन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
इकौना क्षेत्र के ग्राम बरईपुर निवासी ओमकारनाथ (29) रविवार को पिकअप लेकर लखनऊ गए थे। सोमवार सुबह लौटते समय मोहनीपुर-पयागपुर मार्ग पर नेजाभार गांव के निकट सड़क पर एक ट्रक मुड़ रहा था। घना कोहरा होने से ट्रक दिखाई नहीं पड़ा, जिससे पिकअप ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में चालक ओमकारनाथ व साथ में बैठे इकौना निवासी अशरफ (28) और अफजल (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इकौना सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से ओमकारनाथ को संयुक्त जिला चिकित्सालय, जबकि अफजल व अशरफ को बहराइच मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर चला गया।