रोडवेज बसों व निजी वाहनों के अधिग्रहण के चलते लोगों को आवागमन में हुई दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में बृहस्पतिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इस दौरान भिनगा व इकौना में बाजार बंद करने व जो मतदाता नहीं हैं उन्हें नगर छोड़ने का फरमान जारी किया गया था। इसके बाद जहां नगर में सन्नाटा होने के कारण लोग चाय पानी के लिए पूरे दिन तरसते रहे। वहीं मुख्य मार्ग पर बसों का संचालन बाधित होने के कारण यात्री परेशान दिखे।
देवी पाटन मंडल के सभी जिला में बृहस्पतिवार को नगर निकाय चुनाव के कारण जहां परिवहन निगम की बसों का अधिग्रहण सुरक्षा कर्मियों को लाने व ले जाने के लिए कर लिया गया। वहीं जिले में चलने वाली प्राइवेट बसों, जीप, मैजिक आदि यात्री वाहनों का अधिग्रहण पोलिंग पार्टियों व सुरक्षा कर्मियों को मतदान केंद्रों पर ले जाने के लिए कर लिया गया था। इसके चलते भिनगा बहराइच, लक्ष्मणपुर, सिरसिया, ताल बघौड़ा, सेमरी इकौना मार्ग पर यात्री वाहन नदारद रहे। जिसका असर देखने को मिला।
संसाधनों के अभाव में जहां भिनगा से इन सभी मार्गों पर आने-जाने के लिए लोगों को ई-रिक्शा आदि का सहारा लेना पड़ा। वहीं बाहर से आने वाले लोगों को अपने घरों से वाहन मंगाना पड़ा। जिसके चलते लोग पूरे दिन परेशान रहे। वहीं भिनगा व इकौना नगर में दुकानें पूरी तरह बंद होने के कारण लोग चाय नाश्ता आदि के लिए परेशान देखे गए।