गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला खुटेहना मार्ग स्थित मुख्य सरयू नहर पुल विगत माह ओवर लोड वाहन गुजरने से क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल का पिलर धसने के कारण यह पुल कब गिर जाए कुछ कहा नहीं जा सकता। इसे देखते हुए नहर विभाग ने पुल के दोनों तरफ दीवार खड़ी कर दी थी। वहीं जल्दी गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोग जान जोखिम में डालकर दीवार तोड़ कर आ जा रहे हैं।
लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इतनी जल्दी है कि वह अपनी जान की परवाह नहीं कर रहे। तीन से पांच किलोमीटर का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए कुछ लोगों की ओर से जान जोखिम में डाली जा रही है। ऐसा कहीं दूर नहीं बल्कि गिलौला थाने के चंद कदमों की दूरी पर देखा जा सकता है।
जहां गिलौला खुटेहना मार्ग स्थित मुख्य सरयू नहर पुल विगत माह ओवर लोड वाहन गुजरने से क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल का पिलर धसने के कारण यह कभी गिर सकता है। इसकी गंभीरता को देखते हुए नहर विभाग की ओर से पुल के दोनों तरफ दीवार खड़ी कर दी गई थी। इसके साथ ही लोगों को आवागमन के लिए दूसरे रास्ते से जाने की सलाह देने के लिए बोर्ड भी लगाया गया था।
लोग समय बचाने के लिए जल्दबाजी करते हुए क्षतिग्रस्त पुल से ही आ जा रहे हैं। इतना ही नहीं यहां सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग व दीवार तोड़ कर अब लोग दो पहिया वाहन भी निकल रहे हैं। इस पर स्थानीय पुलिस की ओर से तत्काल ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस बारे में पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि यदि ऐसा है तो तत्काल गिलौला पुलिस को आवागमन रोकने के लिए निर्देशित किया जाएगा।