रतनापुर (श्रावस्ती)। नेपाल सहित पहाड़ों पर विगत दिनों हुई बारिश के बाद राप्ती नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया था। इसके चलते राप्ती की धाराओं ने किशनपुर चंदनभारी के मजरा नंदलपुरवा जाने वाली सड़क को काट दिया। ऐसे में ग्रामीणों को आवागमन के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इसकी सूचना के बाद भी कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जमुनहा तहसील क्षेत्र के ग्राम किशनपुर चंदन भारी के मजरा नंदलपुरवा जाने वाली सड़क विगत दिनों राप्ती की बाढ़ के दौरान पानी के तेज बहाव से कट गई थी जिससे कई गांवों का रास्ता बाधित हो गया। ग्रामीणों को अपने खेत सहित कहीं अन्य स्थानों पर आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। नाव न होने की स्थिति में ग्रामीण खेत की मेड़ का सहारा ले रहे हैं। इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिला व तहसील स्तरीय अधिकारियों सेे की लेकिन इसके बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके तक नहीं पहुंचा। इससे करीब पांच हजार की आबादी के सामने आवागमन की समस्या उत्पन्न हो गई है। ऐसे में ग्रामीणों ने डीएम टीके शिबु का ध्यान आकर्षित कराते हुए समस्या से निजात दिलाने, सड़क की मरम्मत कराने व कटान स्थल पर पुलिया बनवाने की मांग की है।