श्रावस्ती। सदर तहसील भिनगा के निकट मंगलवार को एक वृद्ध की हार्ट अटैक से लखनऊ में मौत हो गई थी। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। इसमें परिवारीजन, रिश्तेदार के साथ मोहल्ले के भी काफी लोग शामिल हुए थे। वहीं गुरुवार की रात आई रिपोर्ट में उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जनाजे में शामिल होने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार को मोहल्ले में पहुंची स्वास्थ्य टीम ने परिवारीजन, रिश्तेदार समेत जनाजे में शामिल 35 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। वहीं वहीं अब सदर तहसील के पीछे का मोहल्ला शिवाजीपुरम भी कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है।
भिनगा नगर में तहसील के पीछे स्थित मोहल्ला शिवाजीपुरम निवासी एक वृद्ध को सोमवार मध्यरात हार्ट अटैक हुआ था। इस पर उसे इलाज के लिए लारी अस्पताल लखनऊ ले जाया गया था। जहां इलाज से पूर्व उसका सैंपल कोरोना जांच के लिए लिया गया था। वहीं इलाज के दौरान मंगलवार को वृद्ध की मौत हो गई थी।
इसके बाद बुधवार को शव का अंतिम संस्कार किया गया था। इसमें परिवारीजन, रिश्तेदार व मोहल्ले के भी काफी लोग शामिल हुए थे। वहीं गुरुवार को वृद्ध के सैंपल की आई की रिपोर्ट में उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसे देख स्वास्थ्य विभाग के हाथ पांव फूल गए। इसके बाद शुक्रवार को मोहल्ला शिवाजीपुरम पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सदस्यों व उसके जनाजे में शामिल होने वाले करीब 35 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
वहीं वृद्ध की मौत के बाद सदर तहसील भिनगा के आसपास के क्षेत्र को भी कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। जहां तहसील के निकट की सभी दुकानों को अग्रिम आदेशों तक बंद रखने व लोगों को घर से न निकलने की नसीहत दी गई है।
70 पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, 16 मरीज सक्रिय
जिले में गुरुवार तक 6972 लोगों का नमूना लिया जा चुका है। इनमें से 6118 लोगों की रिपोर्ट जिले में प्राप्त हो चुकी है। 6054 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। 70 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इनमें से दो वृद्धों की जांच रिपोर्ट पोर्टल पर आई थी, जिनकी मौत हो चुकी है। मौजूदा समय जिले में 16 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का लेवल वन हास्पिटल में इलाज चल रहा है। जबकि 52 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। पूरे जिले में 36 कंटेनमेंट बनाए गए थे, जिनमें से 14 जोन अब भी सक्रिय हैं।