इकौना थाने का निरीक्षण करते एएसपी।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। अपर पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को इकौना थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए विवेचकों के साथ बैठक कर अपराध समीक्षा भी की। समीक्षा के दौरान 66 विवेचना लंबित मिलने पर नाराजगी जताते हुए सभी विवेचकों को 10 दिन में विवेचना पूर्ण करने का निर्देश दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे सोमवार को इकौना पहुंचे। जहां उन्होंने इकौना थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण व अपराध समीक्षा की। सबसे पहले उन्होंने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, भोजनालय, बैरक, पुरुष व महिला बंदी गृह, मालखाना व माल मुकदमाती सहित थाने में रखे अभिलेखों तथा अस्त्र-शस्त्रों की जांच की। इसके बाद थाने में स्थापित महिला हेल्प डेस्क जाकर महिलाओं से संबंधित शिकायतों व उसके निस्तारण के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान मिली खामियों को दूर करने के लिए प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एएसपी ने कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए उप निरीक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने रात में गश्त बढ़ाने, थाना व चौकी क्षेत्र में पड़ने वाले बैंकों, प्रमुख बाजारों व भीड़ भाड़ वाले स्थलों सहित प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। इस दौरान थाना स्तर पर 66 विवेचनाएं लंबित मिलीं। जिस पर नाराजगी जताते हुए सभी विवेचकों से 10 दिन के अंदर विवेचनाओं का निस्तारण करने व मुकदमों में वांछित आरोपियों एवं वारंटी की गिरफ्तारी करने का निर्देश दिया।