श्रावस्ती। इकौना के ग्राम मदारा के मजरा रामपुर बनकट निवासी पवन कुमार राव हत्याकांड का मंगलवार को इकौना पुलिस ने खुलासे का दावा किया है। अवैध संबंध के शक में पवन की हत्या हुई थी। इकौना पुलिस ने हत्यारोपी चचेरी साली व साढ़ू को गिरफ्तार कर आला कत्ल बरामद कर लिया। गिरफ्तार दंपत्ति को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम मदारा के मजरा रामपुर बनकट निवासी पवन राव (28) की लाश पांच जुलाई को इकौना विशेश्वरगंज मार्ग स्थित बनकटा गांव के निकट सरयू नहर में पड़ी मिली थी जिसकी गर्दन रेत कर हत्या की गई थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को नहर से बाहर निकलवाया था।
बाद में पहुंचे परिवारीजनों ने उसकी पहचान पवन के रूप में करते हुए इकौना थाने में अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराया था। हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडे व थाना प्रभारी जय नारायण शुक्ला को निर्देशित किया था।
थाना प्रभारी के अनुसार मृतक पवन की ससुराल नानपारा में है। वहीं उसकी पत्नी एएनएम भी है। पवन पत्नी के साथ नानपारा में रहता था। इस बीच उसका अपने चचेरी साली रीशू के घर भी आना-जाना था। रीशू का विवाह पिछले महीने नरेंद्र कुमार से हुआ था। शादी के बाद भी पवन रीशू सेे फोन पर बात करता था। इस पर नरेद्र को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक हुआ।
चार जुलाई को नरेंद्र के कहने पर रीशू ने फोन कर उसे इकौना बुलाया। इसके बाद दंपत्ति पवन को साथ लेकर बनकटा गांव के निकट सरयू नहर किनारे पहुंचे। जहां दंपत्ति ने मिलकर पवन की हत्या कर दी। सोमवार रात उपनिरीक्षक विद्यासागर पांडे, राम दवन यादव, आरक्षी माधुरी सिंह, अख्तर अली व विनय कुमार सिंह के साथ दबिश देकर दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।