जिला चिकित्सालय में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक।
श्रावस्ती। स्वतंत्रता दिवस व रविवार का अवकाश लगातार पड़ने पर जिला चिकित्सालय की ओपीडी दो दिनों तक बंद रही। सोमवार को ओपीडी खुली तो मरीजों का भी तांता लग गया। परचा काउंटर, पैथाेलॉजी व ओपीडी में मरीजों की भीड़ देखने को मिली।
संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में सुबह आठ बजे से ही मरीज व तीमारदारों की भीड़ उमड़ने लगी। परचा काउंटर से लेकर पैथाेलॉजी तक भीड़ रही। सोमवार को कुल 832 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें ज्यादातर मरीज मौसम जनित बीमारियों के शामिल रहे। डॉ. गोविंद शुक्ला ने बताया कि इस समय उल्टी-दस्त, फुंसी, खांसी तथा बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मरीजों को इलाज के साथ ही उसके बचाव के तरीके भी बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में लोगों को पानी उबालकर ही पीना चाहिए। साथ ही तले भुने खाद्य पदार्थों को खाने से बचना चाहिए। साथ ही घर के आसपास सफाई रखनी चाहिए।