श्रावस्ती। जमुनहा मार्ग पर चलने वाली कई बसें जर्जर हो चुकी हैं। इनका परमिट रद्द करने के बजाए परिवहन विभाग की ओर से उनका फिटनेस जारी किया जा रहा है। ऐसे में यह बसें आए दिन किसी न किसी दुर्घटना का कारण बन रही हैं। अधिकारियों की हीला हवाली व अन्य साधन न होने के कारण लोग जान जोखिम में डाल कर सफर करने को विवश हैं। रविवार को ऐसी ही एक बस के पहिये का राड टूटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। इस दौरान चालक की सावधानी से बड़ा हादसा होने से बच गया।
जिले में भिनगा बहराइच, भिनगा लक्ष्मनपुर, भिनगा सिरसिया, भिनगा तालबघौड़ा, भिनगा परसा, परसा कानीबोझी, जमुनहा बहराइच व बदला बरदेहरा मार्ग पर प्राइवेट बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से कई बसों की फर्श व छत की चद्दर जर्जर है। तो कई बसों के खिड़की व दरवाजों के शीशे नदारद हैं। वहीं कई बसों में सामने व पीछे के शीशे भी टूटे हुए हैं। इनसे यात्री गंतव्य तक पहुंचेंगे भी या नहीं इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। मार्ग पर चलने वाली इन बसों को परिवहन विभाग की ओर से फिटनेस लाइसेंस जारी किया जाता है। इस कार्य में जिम्मेदारों की ओर से वाहनों की जांच न कर कार्यालय में बैठ कर ही रिपोर्ट लगाई जा रही है।
ऐसे में यह बसें आए दिन दुर्घटना का कारण बन रही है। ऐसा ही कुछ बहराइच जमुनहा मार्ग पर रविवार को देखने को मिला। जहां यात्रियों को लेकर जा रही प्राईवेट बस जैसे ही जमुनहा स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के निकट पहुंची तभी बस के अगले पहिये की दाहिनी राड टूट गई। इससे बस अनियंत्रित हो गई। इस दौरान चालक की सूझ बूझ से बड़ा हादसा टल गया। बस में करीब 25 लोग सवार थे। यह मात्र बानगी है। ऐसे हादसे इन मार्गों पर आम बात बनी हुई है। ऐसे वाहनों पर परिवहन विभाग की ओर से रोक नहीं लगाई जा रही है। इस संबंध में उप संभागीय परिवहन अधिकारी क्यू डब्लू खान बताते हैं कि बिना जांच किसी भी वाहन को फिटनेस नहीं दिया जाता है। ऐसा क्यूं हुआ, इसकी जांच कराई जाएगी।