इकौना (श्रावस्ती)। डायट इकौना में शुक्रवार को अधिगम साझेदारी उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य संतोष कुमार सिंह ने की। इस दौरान निपुण भारत मिशन के तहत एक वर्षीय भाषा शिक्षण पाठ्यक्रम पूरा होने पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया गया।
डायट प्राचार्य ने कहा कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान व प्रशिक्षण परिषद उत्तर प्रदेश तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से एक वर्षीय भाषा शिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रारंभिक भाषा शिक्षण पाठ्यक्रम शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास पर केंद्रित दीर्घकालिक कोर्स है।
पूर्व में यह कोर्स कर चुके जिले के आठ प्रतिभागियों ने बिना किसी अतिरिक्त संसाधन व प्रोत्साहन के जिले के पांचों ब्लॉकों से 66 शिक्षक साथियों का मार्गदर्शन किया। इस अनूठी पहल में शिक्षकों ने अपने साथियों के क्षमतावर्धन के लिए नेतृत्व प्रदान कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की नींव मजबूत की। इस दौरान डाइट प्रवक्ता ओम प्रकाश यादव, अमित पाठक व अन्य प्रवक्ता तथा दिलीप सिंह, असरा, फातिमा व नीलेश मिश्रा सहित सभी प्रतिभागी मौजूद रहे।