बिछिया। नेपाल सीमा से सटे कतर्नियाघाट रेंज के बर्दिया गांव में मगरमच्छ की दस्तक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। मगरमच्छ गांव के पास स्थित तालाब में कई दिनों से डेरा जमाए हुए है। अब तक दर्जनभर से ज्यादा मुर्गियां और बत्तख निगल चुका है। कई बार उसे तालाब से निकलकर चकमार्ग और घरों के आसपास घूमते देखा गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
गांव निवासी ताहिर, मैनुद्दीन और शाबिर ने बताया कि मगरमच्छ अक्सर घरों के नजदीक दिखता है, जिससे बच्चों और महिलाओं को बाहर निकलने में डर लग रहा है। रविवार शाम वन विभाग की टीम गांव पहुंची। डिप्टी रेंजर मयंक पांडे, वन दरोगा राधेश्याम और अन्य कर्मियों ने ट्रैक्टर के ट्यूब पर सवार होकर पूरे तालाब में जाल बिछाया।
प्रभारी रेंजर दीपक मिश्रा ने बताया कि तालाब काफी बड़ा और लबालब है, ऐसे में रेस्क्यू आसान नहीं होगा। फिलहाल जाल लगाकर मगरमच्छ को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। अगर यह प्रयास सफल नहीं हुआ, तो कोई दूसरा तरीका अपनाया जाएगा। फिलहाल गांव में वनकर्मियों की टीम तैनात कर दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।