श्रावस्ती। बंदरहा मोहल्ला स्थित करीब 225 वर्ष पुराने मुंडा शिवाला के जीर्णोद्धार के नाम पर अब तक सिर्फ दीवार का निर्माण हुआ है। मंदिर परिसर में तालाब का गंदा पानी भरा है। मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर भी घुटनों तक पानी जमा होने से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।
यह स्थिति तब है, जब जुलाई 2025 में तत्कालीन डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने 1.99 करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार कराने की कार्ययोजना का लेआउट जारी किया था। प्राचीन मुंडा शिवाला जिले के साथ आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
शिवाला का ऊपरी हिस्सा मुंडा होने के कारण भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है। श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए तत्कालीन डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जुलाई 2025 में मुंडा शिवाला और प्राचीन शिवाला के जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण के लिए 1.99-1.99 करोड़ रुपये का बजट जारी करने की बात कही थी। साथ ही मंदिर के बेहतर रखरखाव के लिए ट्रस्ट गठित करने और भव्य सुंदरीकरण की योजना भी बनाई गई थी।
कार्ययोजना के तहत मंदिर तक आने-जाने के लिए मार्ग निर्माण, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए आरसीसी बेंच, पर्यटक सूचना केंद्र और नाली बननी थी। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, थ्री-डी वॉल पेंटिंग और शुद्ध पानी के लिए वाटर कूलर लगाने की योजना थी।
-
15 महीने बाद भी अधूरे हैं काम
जीर्णोद्धार की कवायद शुरू होने के करीब 15 महीने बाद भी मंदिर परिसर में सिर्फ दीवार का निर्माण हुआ है। तालाब की ओर की दीवार टूटी होने से गंदा पानी परिसर में भर रहा है। रास्ता न बनने से श्रद्धालुओं को पानी के बीच से होकर मंदिर पहुंचना पड़ रहा है। इससे उन्हें परेशानी हो रही है, कई श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच पाते हैं।
अभी जीर्णोद्धार के संबंध में कोई बजट नहीं मिला है। मंदिर परिसर में दीवार का निर्माण नगर पालिका के बजट से कराया गया है। टूटी दीवार और रास्ते पर भरे पानी की जांच कराकर निर्माण कराया जाएगा।
-डॉ. अनीता शुक्ला, ईओ