श्रावस्ती। महामारी कोरोना के दोनों चरण में जिला प्रभावित हुआ। हजारों की संख्या में लोग कोरोना की चपेट में आए। इनमें से जहां 4,422 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए। वहीं 35 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत भी हो गई। मौजूदा समय जिले में कुल 29 एक्टिव केस हैं।
यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना ने देश प्रदेश सहित जिले को भी अपनी चपेट में ले लिया था। इसके प्रकोप के चलते जिले में 4,486 लोग कोरोना से प्रभावित हुए। इनमें से 35 लोगों की मौत हो गई। जबकि 4,422 स्वस्थ भी हुए। मौजूदा समय जिले में कुल 29 कोरोना संक्रमित हैं। जिन्हें जिलाधिकारी टीके शिबु के निर्देश पर कोविड-19 के होम आइसोलेशन वाले मरीजों को समय से दवाओं की किट प्रदान की जा रही है। साथ ही उनकी फीडिंग गूगल शीट पर प्रतिदिन अपडेट की जा रही है।
होम आइसोलेशन वाले मरीजों को प्रतिदिन उनके नंबर पर संपर्क कर निरंतर निगरानी रखी जा रही है और उन्हें उचित सुझाव एवं दवायें मुहैया कराई जा रही हैं। कोविड-19 मरीज के संपर्क में रहे व्यक्तियों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग बढ़ाने के भी डीएम ने निर्देश दिए हैं। जिलेवासियों से अपील है कि वह कोविड-19 से घबरायें नही, धैर्य से काम लें। अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के साथ-साथ सोशल डिस्टेंसिंग अपनाएं।
बेवजह घरों से बाहर न निकले। जिले में अब तक आरटीपीसीआर द्वारा 1,76,222, एंटीजेन टेस्ट किट से 201851 तथा ट्रू नॉट मशीन से 3,79,200 जांच कराई जा चुकी हैं। वर्तमान समय एल-2 समर्पित चिकित्सालय भंगहा में कुल 61 बेड हैं, जिनमे 56 बेड खाली हैं।