संपूर्ण समाधान दिवस पर इकौना में फरियाद सुनती डीएम।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। फरियादियों की सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारी गंभीरता से सुन कर उनका समय में निस्तारण करें। यह भी ध्यान रखें कि जिन शिकायतों का निपटारा हो वह कागज पर ही नहीं बल्कि धरातल पर भी दिखनी चाहिए। जिससे फरियादियों को बार-बार इधर उधर भटकना न पड़े।
यह बातें इकौना तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुनने के दौरान जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने कही। इस दौरान सभी तहसीलों में कुल 284 शिकायतें आईं, इनमें 24 समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया।
जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। इसमें उन्हें कई शिकायतों के निस्तारण की आख्या संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को नसीहत भी दी। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पूर्ति, समाज कल्याण, प्रोबेशन, कृषि, विद्युत आदि विभागों से संबंधित शिकायतें आई।
इस दौरान पंडित पुरवा निवासी नेत्रहीन अजीम ने आवास दिलाने, इकौना देहात निवासी अरूणेंद्र कांत सिंह ने गाटा संख्या दुरुस्त कराने एवं राजापुर खुर्द निवासी राजाराम पांडेय ने चकमार्ग से कब्जा हटाने की गुहार लगाई। पूरेदीन रामगढ़ निवासी मृत मायाराम के पुत्रों की वरासत अभी तक नहीं हुई है। इस पर डीएम ने तत्काल वरासत करने का निर्देश दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने भी थानाध्यक्षों को समस्या को गंभीरता से सुन कर निस्तारित करने को कहा। इस दौरान यहां 171 शिकायतें आई। इनमें से सोलह शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। वहीं जमुनहा में 32 के सापेक्ष चार व भिनगा में 81 के सापेक्ष चार शिकायतों का ही मौके पर निपटारा किया गया। इस मौके पर सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।