श्रावस्ती। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 419 मामले आए, जिसमें से मात्र 23 का ही मौके पर निपटारा किया गया। डीएम की अध्यक्षता में इकौना में आयोजित संपूर्ण समाधान में सर्वाधिक शिकायतें आईं वहीं जमुनहा में सबसे कम फरियादी पहुंचे।
इकौना तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी टीके शिबु ने की। यहां पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य सहित जिला स्तरीय अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान 238 शिकायतें आईं, इनमें से सोलह मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष शिकायतों को समय सीमा के अंतर्गत निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।
वहीं जमुनहा में सीडीओ ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 52 शिकायतें आईं। इनमें से मात्र दो का ही मौके पर निपटारा किया जा सका। भिनगा में एडीएम योगानंद पांडेय व एएसपी बीसी दुबे के नेतृत्व में आयोजित समाधान दिवस में 129 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से पांच का मौके पर ही निपटारा किया गया। इस दौरान संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।