श्रावस्ती। भिनगा नगर और जिले के 12 गांव मौजूदा समय एक्टिव कंटेनमेंट जोन हैं। जहां रहने वाली करीब एक लाख आबादी को घर में ही रहने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही इन जगहों पर आने जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। वहीं बाजार सहित आसपास की दुकानें बंद होने के कारण लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं।
भिनगा नगर और सिरसिया के गुलरा, बंठिहिवा, इकौना के सेमरी तरहर, मिश्रौलिया, राधा नगर, जमुनहा सहित तेरह स्थानों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। जहां आने जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्गों पर लाल झंडी लगाई गई है। इन जगह रहने वाले लोगों को कहीं न आने जाने की हिदायत दी गई है।
इतना ही नहीं यहां के लोगों को अपने घरों में दोस्तों व रिश्तेदारों को भी नहीं बुलाने को कहा गया है। ऐसे में इन 13 कंटेनमेंट जोन में रहने वाले करीब एक लाख लोग घरों में ही कैद हैं। वहीं कंटेनमेंट जोन में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। भिनगा में न्यायालय व तहसील सहित पूरी बाजार बंद है।
मार्ग पर इक्का दुक्का फल व सब्जी के ठेले ही दिखाई दे रहे हैं। जिन्हें आने जाने के लिए पास जारी किया गया है। वहीं नई बाजार व पुरानी बाजार मार्ग पर वाहन तो दूर लोगों का पैदल चलना भी प्रतिबंधित है। यहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की ओर से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने वाले व बगैर मास्क दिखाई देने वाले लोगों को रोक कर न सिर्फ चेतावनी दी जा रही है, बल्कि उनसे जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है।
एसडीएम व सीओ ने किया कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण
इकौना (श्रावस्ती)। इकौना क्षेत्र के सेमरी तरह व मिश्रौलिया को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। ऐसे में गुरुवार को उपजिलाधिकारी इकौना राजेश कुमार मिश्रा व पुलिस क्षेत्राधिकारी तारकेश्वर पांडे ने सेमरी तरहर कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी ने गांव को सैनिटराइज करने एवं संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आये लोगों की डिटेल तैयार करने का निर्देश लेखपाल व पुलिस चौकी प्रभारी विद्यासागर पांडेय को दिया।
इस दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों से घर में रहने, परिवार के सभी सदस्यों को मास्क पहनने, आपस में दो गज की दूरी बनाए रखने, समय समय पर साबुन से हाथ धुलने व सैनिटाइजर का प्रयोग करने की सलाह दी। वहीं बहुत ही आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा। पुलिस कर्मियों को अनावश्यक रूप से बाहर घूमते हुए लोगों पर कार्यवाही करने, ग्राम प्रधान, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, स्वच्छाग्राही को यदि कोई बीमार हो तो इसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। जिससे उनके इलाज की तत्काल व्यवस्था की जा सके।