फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विभूतिनाथ मंदिर में एक लाख श्रद्धालुओं ने की पूजा

विज्ञापन
भिनगा के काली मंदिर स्थित शिवालय में जलाभिषेक करते श्रद्धालु। - फोटो : SRAWASTI
विज्ञापन
श्रावस्ती। महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को सिरसिया के पांडव कालीन विभूतिनाथ मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। भोर से ही शुरू हुआ देवाधिदेव महादेव की आराधना का क्रम देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान शिवालयों पर शिव भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली। वहीं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
विज्ञापन

फाल्गुन कृष्ण पक्ष तेरस को मनाया जाने वाले महाशिवरात्रि पर्व शुक्रवार को जिले में धूमधाम से मनाया गया। तेज हवाओं के बीच हुई बरसात की परवाह किए बगैर शिव भक्त सिरसिया के सोहेलवा जंगल स्थित पांडव कालीन विभूतिनाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर में महादेव के जलाभिषेक के लिए भक्तोंने कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार किया। मंदिर का द्वार सुबह 3:21 पर घनिष्ठा नक्षत्र में खोला गया। द्वार खुलते ही श्रद्धालुओं का ताता जलाभिषेक के लिए लग गया।
सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इस दौरान श्रद्धालु दिन भर कतारबद्ध बम भोले और हर हर महादेव का उद्घोष करते देखे गए। यहां करीब एक लाख लोगों ने मंदिर पहुंच कर देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक किया। इसके साथ ही भिनगा नगर के राजर्षि काली मंदिर स्थित शिवालय, तीन शिवाला मंदिर, गिलौला के सदाशिव महादेव, झारखंडी महादेव, जमुनहा के जगपतीनाथ, इकौना के बेचूबाबा, कलेक्ट्रेट स्थित शिवाला शिवजी महराज सहित अन्य प्राचीन शिवालयों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपने अराध्य देव महादेव का जलाभिषेक किया।
विज्ञापन

भक्तों ने अपने आराध्य बाबा भोलेनाथ को दूध, गंगाजल, शहद, रोली, चंदन, अक्षत, बेलपत्र, मदार, धतूरा, गांजा, बेर, गन्ना, शमीपत्र, गुड़, भस्म आदि चढ़ाकर तथा जलाभिषेक कर सुख व समृद्धि की कामना की। वहीं महाशिवरात्रि पर महिलाओं व युवतियों ने निर्जला व्रत रख माता उमा व शिव का पूजन अर्चन किया। इस दौरान भिनगा, जमुनहा व इकौना में शिव विवाह पर झांकी भी निकाली गई। इसमें सैकड़ों की संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस
सिरसिया के विभूतिनाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने के कारण गुप्त गंगा व मंदिर में भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखते हुए एएसपी बीसी दुबे सहित प्रभारी निरीक्षक सिरसिया विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जलाभिषेक भी किया। उधर डीएम यशु रुस्तगी, एसपी अनूप सिंह, एडीएम योगानंद पांडेय, सीओ तारकेश्वर पांडेय व हौसला प्रसाद ने स्थानीय पुलिस के साथ विभिन्न शिवालयों पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शिवरात्रि पर प्राचीन स्वर्ण प्रस्तरी आश्रम सहित कई अन्य स्थानों पर रुद्राभिषेक के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने शामिल होकर भोलेनाथ की कृपा प्राप्त की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें