रतनापुर (श्रावस्ती)। तुलसीपुर बाजार से सोमवार देर रात मोटरसाइकिल से लौट रहे बाइक सवार अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठे। इससे मोटर साइकिल रिसिया तुलसीपुर मार्ग किनारे खड़ी ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में मोटर साइकिल पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई, वहीं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका जिला अस्पताल बहराइच में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर के मजरा पिड़वा निवासी दद्दन यादव (25) पुत्र सालिक राम यादव सोमवार को मोटर साइकिल से तुलसीपुर बाजार आया था। इस दौरान उसके साथ गांव का ही तोताराम यादव (42) पुत्र बिहारी लाल यादव भी था। दोनों बाइक सवार देर रात वापस घर लौट रहे थे।
जैसे ही दद्दन मोटर साइकिल लेकर रिसिया तुलसीपुर मार्ग पर बढ़ा, तभी गति काफी तेज होने के कारण वह बाइक से नियंत्रण खो बैठा। इससे मोटरसाइकिल मार्ग किनारे खड़ी ट्रॉली से जाकर टकरा गई। हादसे में मोटर साइकिल सवार दोनों युवकों को गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने आनन फानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल बहराइच पहुंचाया।
जहां से तोताराम को हालत गंभीर होने के कारण ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं दद्दन का इलाज जिला अस्पताल बहराइच में चल रहा है। घटना के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। घटना की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।