कलेक्ट्रेट में एसडीआरफ व एनडीआरएफ के प्रभारियों के साथ बैठक करते एडीएम।
श्रावस्ती। राहत आयुक्त कार्यालय के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एडीएम ललित कुमार ने बाढ़ से बचाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और बाढ़ पीएसी के जवानों के साथ बैठक की। इस दौरान जनपद में बाढ़ के संभावित खतरे से निपटने के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया।
एडीएम ललित कुमार ने बताया कि जिले में एसडीआरएफ की एक टीम और बाढ़ पीएसी के डेढ़ सेक्शन प्रशिक्षित जवान तैनात किए गए हैं। जवानों के पास छह मोटरबोट और अन्य आवश्यक बचाव उपकरण उपलब्ध हैं। बाढ़ के समय लोगों को बचाने के लिए पिछले वर्ष की तरह नावों का भी प्रबंध किया जा रहा है। जनपद में गोताखोरों को चिह्नित किया गया है। गांवों में 128 नाविक और 68 नावें उपलब्ध हैं, जिनका आवश्यकतानुसार उपयोग किया जाएगा। प्रत्येक नाव और बाढ़ चौकी को सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है। आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बाढ़ से बचाव की सभी तैयारियां की गई हैं। अगर संकट आता है, तो हिम्मत और धैर्य के साथ उसका सामना करना है। किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए 1077 टोल फ्री नंबर का उपयोग करने की अपील की है। इस दौरान एसडीआरएफ निरीक्षक सुशील कुमार और बाढ़ पीएसी से उत्तम कुमार सहित अन्य जवान मौजूद रहे।