श्रावस्ती। कोरोना वायरस को लेकर लोग अब जिले में जागरूक हो रहे हैं। यही कारण है कि शुक्रवार को खुद में कोरोना वायरस होने का संदेह होने पर एक मरीज एंबुलेंस बुला कर जिला अस्पताल पहुंच गया। वहां जांच के बाद वह निगेटिव पाया गया। इस पर चिकित्सकों ने उसे वापस भेज दिया। वहीं शुक्रवार को जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में अचानक कमी देखी गई। लोग अब छोटी बीमारियों को लेकर अस्पताल नहीं आ रहे हैं।
कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाई जा रही मुहिम का असर अब दिखने लगा है। लोग न केवल खुद जागरूक हैं, बल्कि आसपास के लोगों को भी सचेत कर रहे हैं। शुक्रवार को एक ऐसा ही मामला संयुक्त जिला चिकित्सालय में देखने को मिला। परसा डेहरयिा निवासी जमाल 28 फरवरी को सउदी अरब से घर लौटा था। इसके बाद दो तीन दिन पहले उसके पेट में दर्द की शिकायत होने लगी।
कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रति लोगों की ओर से दिए गए टिप्स से उसे खुद के पीड़ित होने का संदेह हुआ। इस पर उसने एंबुलेंस को फोन करके स्वयं में कोरोना वायरस का संक्रमण होने का संदेह बताते हुए अस्पताल में जांच कराने की बात कही। इस सूचना के बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय में हड़कंप मच गया। आनन फानन में उसे अस्पताल लाकर जांच की गई। जहां उसका तापमान सामान्य पाया गया। उसके अंदर कोरोना संक्रमण का कोई भी लक्षण नहीं मिला।
इस पर चिकित्सकों ने उसे विधिवत जांच के लिए शनिवार की तारीख देते हुए घर जाने को कहा। इस संबंध में सीएमएस डॉ. विजय कुमार का कहना है कि यह एक बेहतर तरीका है। यदि किसी भी व्यक्ति को कुछ भी संदेह हो तो वह तत्काल अस्पताल आए। यहां जांच की पूरी व्यवस्था है। इस व्यक्ति ने भी ऐसा ही किया। अन्य लोगों को भी ऐसा ही करना चाहिए। फिलहाल जमाल कोरोना निगेटिव है। उसकी पेट दर्द शिकायत की जांच अलग से की जाएगी।
अस्पताल में दिखा सन्नाटा
कोरोना वायरस के प्रति जागरूकता अभियान के चलते अब इसका असर संयुक्त जिला चिकित्सालय में देखने को मिल रहा है। लोग अब छोटी बीमारियों को लेकर अस्पताल नहीं आ रहे । इस कारण अस्पताल में सन्नाटा फैला हुआ है। वहां कुछ ही मरीज आए। जो ओपीडी में अपना इलाज कराकर चले गए।
कपड़ा व्यापारी ने बाटे मास्क
कोरोना से जागरूकता व एहतियात से ही निपटा जा सकता है। यह संदेश देते हुए शुक्रवार को इकौना के कपड़ा व्यवसायी संजीव नैय्यर ने नगर में लोगों को मास्क का वितरण किया। इसके साथ ही लोगों से कोरोना से बचाव के लिए जागरूक रहने व दूसरों को भी सजग करने की अपील की।