इकौना (श्रावस्ती)। गोपालपुर निवासी एक वृद्धा शनिवार देर रात धान का खेत देखने खेत गई थी। जहां उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुत्र की सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी सुरसती आर्या (70) पत्नी रामसुमिरन का खेत घर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसमें उसने दो दिन पूर्व धान की रोपाई कराई थी। उसे मवेशी न चरे इसके लिए सुरसती शनिवार रात करीब आठ बजे धान का खेत देखने गई थी। जहां से काफी देर तक वापस घर नहीं पहुंची।
रात अधिक होने पर जब वह वापस नहीं लौटी तो पुत्र बच्छराज आर्या खेत गया। जहां उसे मां सुरसती मृत मिली। बच्छराज ने इसकी सूचना यूपी 112 पर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडेय व प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडे को जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे सीओ व कोतवाल ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया देखने से यह प्रतीत होता है कि वृद्धा की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। घटना की सूचना यूपी 112 पर दी गई थी। इसलिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।