तुलसीपुर। मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्राम पंचायत तुलसीपुर निवासी लोग बुधवार सुबह उस समय चौंक गए, जब उन्हें रास्ते में एक वृद्ध का शव पड़ा दिखा। थोड़ी ही देर में सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए और हत्या कर शव फेंके जाने की चर्चा करने लगे। ग्रामीणों की सूचना पर आई सोनवा पुलिस ने पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत वीरपुर निवासी शिवराम मिश्रा (59) का शव बुधवार सुबह लगभग पांच बजे संदिग्ध हालात में तुलसीपुर मार्ग स्थित नहर पुल पर पड़ा मिला। शिवराम की चप्पल व शर्ट नदारद थी। शव देख मार्निंग वॉक पर निकले ग्रामीण चौंक गए।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह चार बजे भी कुछ लोग टहलने निकले थे, लेकिन तब शव पड़ा नहीं था। ऐसे में एक घंटे के बीच में ही शव यहां फेंका गया है। ग्रामीणों की सूचना पर सोनवा थाना प्रभारी बिसुनदेव पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। सीओ भरत पासवान भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी ली।