तुलसीपुर (श्रावस्ती)। टहलने के लिए बुधवार को निकला तुलसीपुर निवासी एक बुुर्जुग घर वापस नहीं लौटा। गायब वृद्ध की लाश गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में गांव के बाहर बाग में पड़ी मिली। मृतक की बहू की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने लाश का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी रामअचल (70) पुत्र बाबादीन बुधवार को सब्जी खरीदने तुलसीपुर बाजार गया था। जहां से सब्जी खरीद कर वह वापस घर लौट आया। देर शाम रामअचल अपनी बहू राधा देवी पत्नी रामराज से टहलने जाने की बात कह कर घर से निकला था। देर रात तक बुर्जुग के घर वापस न आने पर परिवारजन उसकी तलाश में जुट गए।
गुरुवार सुबह गांव निवासी कुछ लोग तुलसीपुर बाजार के पश्चिम स्थित आम के बाग की ओर नित्य क्रिया को गए थे जिन्हें आम के बाग में रामअचल का शव पड़ा मिला। जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा रामअचल के परिवारीजनों को दी गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची रामअचल की बहू राधादेवी द्वारा सोनवा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।