श्रावस्ती। बनगई में सड़क पर लगे साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आया मोहनपुर निवासी एक व्यक्ति एसएसबी के वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीआरवी से सीएचसी मल्हीपुर ले जाया गया। जहां से हालत गंभीर होने के कारण उसे भिनगा रेफर कर दिया गया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बनगई में मुख्य मार्ग के किनारे रविवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। जिसमें खरीदारी करने के लिए थाना क्षेत्र के ही ग्राम भरथा के मजरा मोहनपुर निवासी छोटेलाल (40) पुत्र मनोरथ मौर्य गांव के ही रहमत पुत्र सैय्यद अली की बाइक से आया था। वहीं, 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल डी कंपनी ककरदरी आउट पोस्ट के जवान भी अपने वाहन से सामान खरीदने साप्ताहिक बाजार आये थे।
बाइक सवार छोटेलाल व रहमत सड़क की पूरब पटरी पर खड़े होकर बात कर रहे थे। तभी एसएसबी के चालक ने अपना वाहन स्टार्ट करना चाहा। वाहन स्टार्ट न होने पर उसमें मौजूद जवान वाहन को धक्का देने लगे। तभी सड़क पर ढाल होने से वाहन अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया। इससे बाइक पर बैठा छोटेलाल वाहन के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि रहमत अली बाल-बाल बच गया।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना के बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर इसकी जानकारी जमुनहा चौकी पुलिस पर दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची यूपी-112 की पीआरवी से घायल छोटेलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया।