श्रावस्ती। आगामी त्यौहारों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता डीएम ने कही। इस दौरान एसपी सहित अन्य विभागों के विभागाध्यक्ष व उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी टीके शिबु ने कहा कि आगामी दिनों बारावफात, करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली, भैयादूज व कार्तिक पूर्णिमा मेला आदि त्योहार मनाए जाएंगे। इस दौरान कस्बा व बाजार सहित गांवों में भी चहलपहल रहेगी। ऐसे में जिले की शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए अधिकारी अपने स्तर से सभी तैयारियां पूरी कर लें। वहीं डीएम ने समस्त थाना क्षेत्रों के विभिन्न समुदाय के संभ्रान्त व्यक्तियों से वार्तालाप कर क्षेत्रीय समस्याओं के बारे में जानकारी भी ली।
साथ ही गांवों सहित कस्बों में साफ सफाई कराने, नगर में चूना डालने का निर्देश भी दिया। पुलिस अधीक्षक अरविंद मौर्य द्वारा उपस्थित लोगों से शांति सौहार्द एवं भाई चारे के साथ सामाजिक दूरी का पालन करते हुए त्यौहार मनाने व इबादत करने तथा क्षेत्र के लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। एसपी ने बताया कि त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए सभी क्षेत्राधिकारियों व थाना प्रभारियों को पहले से ही निर्देश दिया जा चुका है।
वह अपने-अपने क्षेत्रों की जांच परख कर पुख्ता इंतजाम करेंगे। त्यौहार वाले दिन सचेत रहकर कड़ी निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखें, जिससे आम जनमानस को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पडे़। बैठक में उपस्थित सभी कमेटी के सदस्यों को सलाह दी गई कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं किसी प्रकार की कोई भी अफवाह फैलाई जाती है तो जो भी व्यक्ति अफवाह फैलाने का प्रयास करता है तो उस पर विधिक कार्रवाई की जाये।
इस दौरान एसपी ने मौजूद लोगों से उनके क्षेत्र की समस्या के बारे में जानकारी लेते हुए उनकी राय भी ली। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगनंद पांडे, अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दूबे, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी भिनगा व इकौना, खंड विकास अधिकारी, अधिशाषी अभियंता जल निगम, सभी थाना प्रभारी व दोनों समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।