बौद्ध तपोस्थली की सफाई करते अधिकारी व स्कूली बच्चे।
- फोटो : SRAWASTI
कटरा (श्रावस्ती)। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की जिला शाखा द्वारा सोमवार को विनियमित क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें शामिल अधिकारियों व छात्रों ने ऐतिहासिक स्मारक परिसर की साफ-सफाई की।
पुरातत्व विभाग के सह प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि देश की आजादी के समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने नए भारत का सपना देखा था। जिसमें सिर्फ कानून के दायरे में रह कर अपनी इच्छा अनुसार जीवन जीने की आजादी के साथ-साथ एक स्वच्छ एवं विकसित देश की स्थापना करने का भी सपना था।
लेकिन आजादी के कुछ समय बाद ही उनकी मृत्यु होने जाने से उनका सपना भी अधूरा रह गया। उनके सपने को पूरा करने के लिए दो साल पहले महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर 2 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं झाडू उठा कर देश भर में स्वच्छता अभियान की नए सिरे से शुरुआत की थी। ऐसे में हमारा कर्तव्य बनता है कि सरकार के इस स्वच्छता अभियान में अपना सहयोग दें। कहा कि प्रत्येक व्यक्ति सप्ताह में दो घंटे श्रमदान कर महात्मा गांधी के सपनों को साकार करे।
उद्यान प्रभारी सुनील सिंह ने कहा कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया उनका एक कदम पूरे देश को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा। स्वच्छता हमारा कर्तव्य होना चाहिए। हमें अपने घरों व कार्यालयोें की नियमित सफाई करनी चाहिए ताकि हमारा देश साफ व स्वस्थ रह सके।
रंजीत कुमार यादव ने बताया कि स्वच्छता मिशन का पखवाड़ा 30 सितंबर तक चलेगा। इसमें सभी स्तूपों की सफाई की जाएगी। इस मौके पर कृपाराम वर्मा, अवधेश कुमार मौर्य, सुमन त्रिवेदी, मदन यादव सहित विभागीय कर्मचारी तथा स्कूली बच्चे मौजूद रहे। सभी ने बौद्ध तपोस्थली के विभिन्न स्थानों की सफाई की।