इकौना सीएचसी में टीबी मरीजों को पोषण पोटली प्रदान करते समाजसेवी।
श्रावस्ती। इकौना सीएचसी में शनिवार को नि:क्षय मित्र पहल के तहत क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिद्धार्थनगर के समाजसेवी देवेश मणि त्रिपाठी ने जिले के 500 क्षय रोगियों को गोद लेकर उनके पोषण की जिम्मेदारी उठाने की घोषणा की। अभियान की शुरुआत इकौना क्षेत्र के 100 मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर की गई।
जिला क्षयरोग अधिकारी डा. केके वर्मा ने कहा कि टीबी लाइलाज बीमारी नहीं है। नियमित दवा और पौष्टिक आहार से मरीज कुछ ही महीनों में स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने मरीजों को संतुलित एवं पोषणयुक्त भोजन लेने की सलाह दी।
पोषण पोटली में प्रोटीन पाउडर, च्यवनप्रास, सोयाबीन, मूंगफली, बाजरा, चना, गुड़, मक्का, सूजी, दाल, किशमिश, छुहारा, बिस्कुट व साबुन समेत अन्य सामग्री दी गई। देवेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित कर मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में सीएचसी अधीक्षक डा. दीपक शुक्ला समेत स्वास्थ्यकर्मी व अन्य लोग मौजूद रहे।