जिला क्षय नियंत्रण केंद्र में टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान करते डीएम। - स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। जिला क्षय नियंत्रण केंद्र भिनगा में सोमवार को पोषण किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने कुल 20 क्षय रोगियों को पोषण किट प्रदान किया।
डीएम ने कहा कि जिले को टीबी मुक्त बनाने में सभी जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं व गणमान्य नागरिकों को आगे आकर टीबी मरीजों को गोद लेना चाहिए। इसके साथ ही उन्हें पोषण सामग्री प्रदान कर, रोग से लड़ने की हिम्मत भी बंधानी चाहिए।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने सभी चिकित्सालयों व निजी चिकित्सकों से क्षय रोगियों को गोद लेने की अपील की। केंद्रीय टीबी डिवीजन के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. अखिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि लोगों के सहयोग से ही टीबी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
इस मौके पर यशोधरा महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष डाॅ. अभिलाषा वर्मा, डीटीओ डाॅ. केके वर्मा, प्रदीप सिंह रावत, रजनीकांत पांडेय, पंकज सोनी, डाॅ. आलोक चौधरी व रवि कुमार मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे।