श्रावस्ती। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लगाए गए लॉकडाउन के समय से बंद हुआ थाना दिवस अब फिर से प्रारंभ होगा। इसके तहत इसी शनिवार से सभी थानों में जमीनी विवाद सहित अन्य मामले सुलझाए जाएंगे। इसका आदेश एसपी ने बुधवार को जारी किया है।
कोरोना संक्रमण के कारण जिले में थाना दिवस को बंद कर दिया गया था। इसके चलते सबसे ज्यादा समस्या गांवों में जमीनी विवाद से परेशान लोगों को हुई। अब यह थाना दिवस फिर प्रारंभ होने जा रहा है। इसकी शुरुआत आगामी शनिवार से होगी। इसकी तैयारी के लिए एसपी अरविंद कुमार मौर्या ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश भी जारी कर दिया है।
इस बार होने वाला थाना दिवस कोरोना प्रोटोकाल के तहत होगा। थाने में पीड़ित के साथ कोई अन्य व्यक्ति भीड़ लगा कर खड़ा नहीं हो पाएगा। उसे अपनी समस्याओं का पंजीकरण कराने के बाद प्रोटोकाल के तहत दूर खड़ा होना होगा। यही नहीं थाना दिवस में आने के लिए अधिकारी व पीड़ित दोनों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना होगा।
थानों पर सैनिटाइजर सहित थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी, ताकि लोगों की जांच भी होती रहे। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक की ओर जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कहीं भी कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन न होने पाए।
थानों में कोरोना प्रोटोकाल के अनुपालन की जिम्मेदारी थाना प्रभारी की होगी। इसलिए सभी थाना प्रभारी शुक्रवार को ही थाना दिवस आयोजन स्थल पर सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए निर्धारित दूरी पर गोले का निर्माण करा लेंगे व अन्य औपचारिकताएं पूरी कर लेंगे।