श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार देर शाम डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ आकांक्षात्मक जिला कार्यक्रम (एडीपी) व आकांक्षात्मक ब्लाॅक कार्यक्रम (एबीपी) की समीक्षा बैठक की। इस दौरान खराब प्रगति वाले विभागाध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
बैठक में जानकारी हुई कि डिजिटल क्राॅप सर्वे में खरीफ मौसम 2025 की ई-खसरा पड़ताल में जिले की प्रगति खराब है। इस पर डीएम ने डीडीएजी सुरेंद्र चंद्र चौधरी, उपायुक्त मनरेगा संदीप कुमार, प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बलजीत वर्मा व डीपीआरओ नंदलाल को कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने कहा कि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा, साथ ही अपने अधीनस्थ अधिकारी को बिना उनकी अनुमति के अवकाश नहीं देगा।
नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी धीरज साहू के निरीक्षण में पीएमश्री विद्यालय चहलवा व आंगनबाड़ी केंद्र चहलवा के परिसर व शौचालय में गंदगी के साथ ही नल व हैंडपंप खराब और दीवारों पर सीलन मिली थी। दिव्यांग शौचालय में कूड़ा भरा हुआ मिला।
इस पर डीएम ने बीएसए अजय कुमार, डीपीओ पीके दास, सीडीपीओ हरिहरपुररानी अभिषेक मिश्र, बीईओ हरिहरपुररानी सतीश कुमार व एडीओ पंचायत हरिहरपुररानी अजय प्रकाश को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है।
बैठक में सटीक उत्तर न देने पर प्रधानाचार्य आईटीआई विनोद गुप्ता से भी स्पष्टीकरण मांगा गया। कार्यक्रमों की नियमित मानीटरिंग न करने पर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इस मौके पर एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, इकौना पीयूष जायसवाल व जमुनहा एसके राय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।