श्रावस्ती/जमुनहा/गिलौला। सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 36 मामले आए, किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी मामलों को निस्तारित करने के लिए पुलिस व राजस्व टीमों को निर्देशित कर दिया गया।
हरदत्तनगर गिरंट थाने में डीएम अजय कुमार द्विवेदी व एसपी राहुल भाटी ने फरियाद सुनी। इस दौरान कुल तीन मामले आए। शिकायतों को सुनकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
नवीन मॉडर्न थाना श्रावस्ती में एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम व सीओ भरत पासवान ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान कुल चार मामले आए। इसी क्रम में इकौना में आठ, मल्हीपुर में सात, सिरसिया में चार, कोतवाली भिनगा में तीन, सोनवा में दो व गिलौला में पांच मामले आए, किसी का भी निस्तारण नहीं हो सका।
कब्जा दिलाने की मांग
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर कोठी निवासी भुल्लन ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी भूमि ककरदरी क्षेत्र में है। कटान के दौरान जमीन नदी में समा गई थी, लेकिन अब वह नदी से बाहर है। ऐसे में आसपास के लोगों ने उसे जोत लिया है। पीड़ित ने भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने की मांग की।
दबंगों ने तालाब पर किया कब्जा
गिलौला क्षेत्र के ग्राम शाहपुर बरा निवासी अजय कुमार ने शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पत्र के जरिये कहा है कि गांव में स्थित तालाब में लोगों के घरों का पानी जाता है, किंतु गांव के कुछ दबंगों ने तालाब को पाटकर घर बना लिया है। इससे जलनिकासी नहीं हो पा रही है।
कार्रवाई की मांग
मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम गंगापुर निवासी आईसा ने समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर कहा कि गांव में उनकी परचून की दुकान है। वह किसी काम से घर के अंदर गईं, तभी गांव की एक किशोरी ने दुकान से रुपये चुरा लिए। चोरी करते हुए देखने पर शिकायत की तो आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी।