कलेक्ट्रेट में बीएसए को ज्ञापन सौंपते वित्तविहीन शिक्षक।
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उप्र. वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ की जिला इकाई ने प्रदर्शन कर बीएसए अजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। वहीं, डीएम अजय कुमार द्विवेदी से मुलाकात कर समस्याएं दूर कराने की मांग की।
उत्तर प्रदेश वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ के बैनर तले जिले के वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधकों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष तिरुपति नाथ ओझा के नेतृत्व में विद्यालय प्रबंधकों ने बीएसए को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा। जिसमें यू डायस पोर्टल पर बच्चों के नाम संशोधन के लिए विद्यालय की यूजर आईडी को अधिकृत करने, अमान्य विद्यालयों को बंद कराने, आरटीई योजना में वित्तीय सहायता से वंचित छात्रों को वित्तीय सहायता देने, दुर्बल वर्ग योजना की पात्रता नगर पालिका व न्याय पंचायत स्तर पर लागू करने की मांग की। साथ ही वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधकों ने डीएम से मुलाकात कर समस्याएं दूर कराने की मांग की। इस मौके पर जिला संरक्षक रामसूरत शुक्ल, धरणीधर विश्वकर्मा, पुनीत मिश्रा, सूर्यभान शुक्ला, राम राखन त्रिपाठी, बृजेश कुमार, राकेश यादव, विनीत श्रीवास्तव व संजय सोनी आदि प्रबंधक मौजूद रहे।