भिनगा में शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना में कार्यरत हैं कार्मिक
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आउटसोर्सिंग से तैनात कार्मिकों को विगत 12 माह से मानदेय का भुगतान नहीं मिला है। ऐसे में कार्मिकों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर मानदेय भुगतान कराने की मांग की है। भुगतान न मिलने पर एक मई से हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।
जिलाधिकारी नेहा प्रकाश को दिए ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आउटसोर्सिंग से तैनात कार्मिकों ने कहा है कि उनकी नियुक्ति ऑफिस स्टाफ व जेई तथा सर्वेयर के रूप में क्रिएटिव कार्सोटियम संस्था की ओर से की गई थी। विगत 12 माह से संस्था की ओर से हमें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। जिससे हमारे सामने परिवार के जीविकोपार्जन का संकट उत्पन्न हो गया है।
इतना ही नहीं बच्चों का स्कूल फीस जमा न कर पाने के कारण उनका नाम विद्यालय से काट दिया जा रहा है। मानदेय भुगतान को लेकर कई बार हम परियोजना अधिकारी व उप जिलाधिकारी भिनगा से मिल कर शिकायत कर चुके हैं। इसके बावजूद हमें मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है।
इतना ही नहीं बार-बार भुगतान की मांग करने पर संस्था से निकालने व नौकरी से हटाने की धमकी दी जा रही है। जिसको लेकर सभी कर्मियों में भय का माहौल व्याप्त है। ऐसे में कार्मिकों ने डीएम से हस्तक्षेप कर मानदेय भुगतान कराने की मांग की है। मानदेय न मिलने पर कर्मियों ने एक मई से हड़ताल पर जाने की घोषणा की है। ज्ञापन देने वालों में आशुतोष त्रिपाठी, पुष्कर माधवराव पांडे, मोहम्मद जाकिर, अंकित कुमार पाठक आदि के नाम शामिल हैं।