श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। औसतन प्रतिदिन 50 से अधिक लोग संक्रमित मिल रहे हैं। इसके बावजूद लोग हैं कि मानने को तैयार नहीं हैं। वीकेंड लॉकडाउन में भी जहां चोरी छिपे दुकानें खुल रही हैं। वहीं यात्रियों को बैठाकर वाहन भी फर्राटा भर रहे हैं। इनता हीं नहीं बिना वजह लोगों को मुख्य मार्ग, गली व चौराहों में टहलते देखा जा रहा है। जिन पर कार्रवाई तो दूर पुलिस इन्हें टोकना भी मुनासिब नहीं समझ रही है।
जिले में शुक्रवार रात आठ बजे से वीकेंड लॉकडाउन जारी है। जिसे सोमवार तक बढ़ा दिया गया है। वीकेंड लॉकडाउन का अब तक अनुपालन नहीं हो सका। गुरुवार को भी इसका कहीं असर देखने को नहीं मिला। मुख्यालय भिनगा व इकौना नगर सहित जिले के अन्य कस्बों व बाजारों में जहां दुकानदार चोरी छिपे व्यापार करते नजर आए। वहीं छोटे वाहन चालक क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर सामान्य दिनों की भांति फर्राटे भरते देखे गए।
इतना ही नहीं चाहे गांव की गलियां रही हों या फिर नगर के मुख्य मार्ग। सभी जगह अनावश्यक रूप से लोगों को टहलते देखा जा रहा है। वहीं तहसील भिनगा परिसर में संक्रमित मिलने के बावजूद अपंजीकृत मुंशी आदि भी बैठे नजर आ रहे हैं। जबकि देखा जाए तो जिले में काफी संख्या में लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। जिला प्रशासन की ओर से भी चौराहों व तिराहों सहित गांवों में नोडल अधिकारियों को भेज कर लोगों से कोरोना प्रोटोकाल के अनुपालन की अपील कराई जा रही है। साथ ही लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करने की अपील भी की जा रही है। इसके बावजूद न तो लोग शत प्रतिशत प्रोटोकॉल का अनुपालन कर रहे हैं। और न ही वीकेंड लॉकडाउन का ही। वहीं इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे बताते हैं कि वीकेंड लॉकडाउन व कोरोना प्रोटोकाल का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। जो भी नियम तोड़ते मिला उस पर कार्रवाई भी होगी।