श्रावस्ती। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को भूमि पूजन है। इसके लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम जन्मभूमि आ रहे हैं। पीएम के दौरे व खुफिया विभाग के इनपुट के बाद से अयोध्या के साथ आसपास के जिलों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसे देखते हुए इंडो नेपाल सीमा पूरी तरह से सील कर दी गई। सीमा पार आने जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका मंगलवार को एएसपी ने जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने एसएसबी सहित क्षेत्रीय पुलिस को आवश्यक निर्देश भी दिया।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पांच अगस्त को भूमि पूजन करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। पीएम के दौरे व खुफिया विभाग की ओर से सुरक्षा को लेकर जारी किए गए इनपुट को देखते हुए इंडोनेपाल सीमा पूरी तरह से सील कर दी गई है। सीमा पार आने जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगा दिया गया है। स्थानीय पुलिस व एसएसबी के जवानों की ओर से सीमा पर कांबिंग की जा रही है। इसका मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने जायजा लिया।
वहीं एएसपी ने बैरियर व चेकपोस्ट पर तैनात पुलिस तथा एसएसबी की टीम को सघन चेकिंग करते हुए सतर्क दृष्टि रखने का निर्देश भी दिया। इसके बाद एएसपी ने इंडोनेपाल बार्डर सुईया, मदारगढ़, हकीमपुरवा, शंकरनगर, भरथारोशनगढ़, असनहरिया, तुरुषमा आदि का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। बार्डर से लगे गांवों में प्रधान, ग्राम प्रहरी, पुलिस मित्र व संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर उन्हें संदिग्धों की सूचना थाने या फिर यूपी 112 पर देने को कहा। एएसपी ने बताया कि इंडोनेपाल सीमा के साथ ही जिले के मुख्य मार्गों, कस्बों व चौराहों पर पुलिस टीम तैनात कर सभी आने जाने वालों पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है।