श्रावस्ती। व्यवहार न्यायालय परिसर भिनगा स्थित जिला जज के विश्राम कक्ष में सोमवार देर शाम बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता जिला जज ने की। इसमें मौजूद बैंक व बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों को जिला जज ने 14 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मामले निपटाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला एवं सत्र न्यायाधीश मृदुलेश कुमार सिंह ने कहा कि न्यायालयों पर मुकदमों का भार है। इससे मामलों के निस्तारण में तेजी नहीं आ पा रही है। ऐसे में पीड़ित व फरियादी त्वरित न्याय से वंचित हो रहे हैं।
पीड़ित फरियादियों को तत्काल मौके पर ही न्याय देने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 14 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बैंक के अधिकारी व बीमा कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इसमें प्रयास करें कि ज्यादा से ज्यादा मामलों का निस्तारण कराएं। यदि किसी प्रकार की कोई समस्या होती है तो वह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व सिविल जज प्रशांत सिंह सहित अपने वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करें।