श्रावस्ती। इकौना व सोनवा थाने में बृहस्पतिवार को एसपी ने अपराध समीक्षा की। इस दौरान दोनों थानों में 43 मामले लंबित पाए गए। इस पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने प्रभारियों को जल्द विवेचना निस्तारण करने निर्देश दिया। साथ ही अगली समीक्षा में विवेचनाएं लंबित होने पर विवेचकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी। अपराध व अपराधियों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा के लिए गुरुवार शाम एसपी प्राची सिंह सोनवा थाने पहुंचे थे। जहां उन्होंने थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, हवालात, मालखाना, बैरक, शस्त्रागार, भोजनालय, थाना कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने थाने में अपराध समीक्षा किया। सोनवा थाने पर 17 विवेचनाएं लंबित मिलीं। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के दौरान विवेचकों की ओर से विवेचनाओं के निस्तारण में सार्थक प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इस पर एसपी ने विवेचको को जल्द साक्ष्य संकलन कर विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही मिलने पर उनके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद इकौना थाने पहुंची एसपी ने वहां भी अपराध समीक्षा किया जहां उन्हें 26 विवेचनाएं लंबित मिलीं।
इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द विवेचना का निस्तारण करने का निर्देश दिया। साथ ही अगली समीक्षा में विवेचनाएं लंबित होने पर विवेचकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दिया। इसके बाद उन्होंने शस्त्रों के रखरखाव भी जांचा। इसके साथ ही दोनों थाना प्रभारियों को जन शिकायत, पासपोर्ट व शिकायती प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय में निस्तारित करने का निर्देश दिया। इस अपराध समीक्षा के बारे में एसपी ने बताया कि दोनों थानों की समीक्षा की गई। विवेचनाओं में देरी को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विवेचकों को अंतिम अवसर दिया गया है। इसके साथ ही आम लोगों के साथ मित्र पुलिस की भूमिका में रहने को कहा गया है।