(श्रावस्ती)। गिलौला में संचालित नीलम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में झाड़ियां उग आईं हैं। विद्यालय परिसर में बना छात्रावास भी शुरू नहीं हो पा रहा है। इसके खिड़की-दरवाजे टूट गए हैं।
क्षेत्र की बालिकाओं को उच्च शिक्षा देने के लिए गिलौला कस्बे में नीलम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निर्माण कराया गया था। यहां क्षेत्र की 160 बालिकाएं शिक्षा ग्रहण कर रहीं हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए विद्यालय में 10 शिक्षकों की तैनाती है। यहां जनजातीय बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण भी कराया गया है। विद्यालय में जनजातीय बालिकाओं का नामांकन न होने से छात्रावास का संचालन अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है। इससे लाखों रुपये की लागत से बना छात्रावास बदहाल है। धीरे-धीरे खिड़की-दरवाजे टूट रहे हैं। परिसर में गंदगी के साथ ही उगी झाड़ियों के कारण विषैले जीवों का खतरा भी है। बालिका विद्यालय होने के बावजूद यहां सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। विद्यालय के खेल मैदान में भी झाड़ियां उग आईं हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्य नीतू रावत ने बताया कि बजट के अभाव में छात्रावास संचालित नहीं हो पा रहा है। यहां अभी रसोइयां व सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती भी नहीं हुई है। संवाद