श्रावस्ती। मल्हीपुर क्षेत्र में जमीन बेचने के विवाद के दौरान लाठी से हमलाकर पिता की हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। ग्राम ओदाही मजरा बढ़इन निवासी रामनिवास ने अपनी पुत्री का विवाह तय किया था। इसके लिए अपनी कुछ भूमि बेचना चाहता था। बेटा अक्षय जमीन बेचने का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर शनिवार को रामनिवास से अक्षय कुमार का झगड़ा हो गया। पिता से नाराज अक्षय कुमार ने लाठी से उनके सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल रामनिवास ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। रामनिवास की पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने अक्षय कुमार के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। एसओ जयहरि मिश्रा के मुताबिक सोमवार को आरोपी अक्षय कुमार को मल्ही चौराहे से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।