श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोडरी में सोमवार शाम मिट्टी की दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे में चार सगे भाई-बहन दब गए। परिजनों ने मलबा हटाकर चारों को जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जहां उनकी हालत स्थिर है।
कोतवाली भिनगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोडरी निवासी अनंतराम का बेटा वीरेंद्र(07), सुरेंद्र(05), प्रमोद(03) व बेटी सुरेश कुमारी(दो माह) सोमवार शाम घर पर मौजूद थे। बच्चे जहां खेल रहे थे तो वहीं बेटी बिस्तर पर लेटी थी। इस दौरान अचानक बच्चों पर मिट्टी की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर चारों भाई-बहनों को बाहर निकाला और संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। जहां बच्चों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने सभी को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में भर्ती कर सभी का इलाज जारी है। मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. राजेश सोनकर ने बताया कि चार बच्चे मिट्टी की दीवार में दबकर चोटिल हो गए थे। सभी का इमरजेंसी में इलाज करने के बाद उन्हें जनरल वार्ड में भर्ती करवा दिया गया है।