इकौना पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद का स्वागत करते कार्यकर्ता।
इकौना (श्रावस्ती)। आम आदमी पार्टी के संकल्प शिविर में शामिल होने राज्यसभा सांसद संजय सिंह सोमवार को इकौना पहुंचे। उन्होंने एक होटल में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
राज्यसभा सांसद ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा, पूरा देश बिजली कटौती से प्रभावित है। शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। विद्यालयों में बच्चों को ढंग का एमडीएम नहीं मिल रहा है। अधिकारी व कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सरकार इसे रोक पाने में अक्षम है। कहा, आगामी चुनाव में आप सभी ग्राम पंचायतों में प्रधान पद पर प्रत्याशी उतारेगी।
इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ ने कहा कि सीएचसी इकौना में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने के लिए एक वर्ष पूर्व भूख हड़ताल की थी। प्रशासन ने अल्ट्रासाउंड मशीन तो लगवाई पर डॉक्टर की तैनाती नहीं हुई। यदि एक सप्ताह में चिकित्सक की तैनाती न हुई तो आम आदमी पार्टी भूख हड़ताल व धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। इस मौके पर प्रांतीय महासचिव रजत चौरसिया, जलाल अहमद चौधरी, जिलाध्यक्ष रामकृष्ण सोनी सहित आम आदमी पार्टी के प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।