तुलसीपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार रात हुए हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर हादसों की जांच शुरू कर दी है।
सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सतरही निवासी मनोज कुमार (25) रविवार को बाइक से ससुराल उत्तमापुर निवासी रामबहादुर के यहां गए थे। किसी काम से वह साले संतोष कुमार (15) के साथ चौगोई चौराहा गए थे। देर रात वापस ससुराल लौटते समय नासिरगंज-दिकौली मार्ग पर उत्तमापुर मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। परिजनों ने निजी वाहन से दोनों को मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया। जहां मौजूद चिकित्सकों ने मनोज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संतोष का इलाज जारी है। राहगीरों ने बताया कि मृतक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने बताया कि परिजनों ने इस संबंध में कोई तहरीर या सूचना नहीं दी है। सूचना मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप की टक्कर से ई रिक्शा सवार युवक घायल
मल्हीपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटना के मजरा बीरगंज निवासी राजेश कुमार गुप्ता (22) रविवार शाम ई रिक्शा से आम खरीदने जमुनहा बाजार गए थे। बाजार से लौटते समय जमुनहा-बहराइच मार्ग पर पटना स्थित एलबीएस इंटर कॉलेज के पास ई रिक्शा में पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर से ई रिक्शा पलट गया और राजेश उसकी चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजेश को राहगीरों ने एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।