श्रावस्ती। कर्ज लेकर ट्रैक्टर खरीदने वाले युवक ने बाद में उसको गिरवी रख दिया। कुछ दिन बाद युवक ने मल्हीपुर थाने में ट्रैक्टर चोरी होने का केस भी दर्ज करा दिया। इसका खुलासा करते हुए मल्हीपुर पुलिस ने ट्रैक्टर बरामद कर धोखाधड़ी करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। जिस पर कार्रवाई कर उसे शुक्रवार को संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अशरफ नगर निवासी प्रमोद वर्मा पुत्र माता प्रसाद वर्मा ने कर्ज पर एक ट्रैक्टर खरीदा था। बाद में उसने अपना ट्रैक्टर हरीश यादव निवासी मोतीपुर जिला बहराइच के पास डेढ़ लाख रुपये में गिरवी रख दिया था। वहीं 23 मई को प्रमोद ने मल्हीपुर थाने में अज्ञात के विरुद्ध ट्रैक्टर चोरी का झूठा मामला दर्ज कराया।
जिसका खुलासा करते हुए प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर देवेंद्र पांडे ने प्रमोद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मोतीपुर निवासी हरीश यादव के घर से गिरवी रखा गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया। गिरफ्तार प्रमोद वर्मा के विरुद्ध मल्हीपुर पुलिस ने जालसाजी के आरोप में कार्रवाई कर उसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से बाद में उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।