केजीबीवी में मॉकडि्रल के दौरान प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी देते कर्मी।
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में शुक्रवार को तहसील स्तर पर मॉकड्रिल कर लोगों को आपदा से बचाव, प्राथमिक उपचार और राहत कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सुबह 10 बजे सूचना मिली कि भिनगा के कस्तूरबा विद्यालय में भूकंप से भवन गिरने पर छात्राएं फंस गई हैं। सूचना पर एसडीआरएफ 12 मिनट में पहुंची। एसएसबी के प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड से कैनन सर्च कर फंसे छात्रों का पता लगाया गया। एसडीआरएफ ने दीवार काटकर छात्राओं को निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। दो गंभीर छात्रों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जमुनहा में अग्निकांड तथा इकौना में गैस सिलिंडर लदी गाड़ी पलटने पर भी बचाव अभियान का अभ्यास हुआ। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने आपदाओं से निपटने के लिए तैयार रहने की जरूरत बताई। जिला आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने हर तीन माह में मॉकड्रिल कराने की जानकारी दी। इस मॉकड्रिल में एसडीएम आशीष भारद्वाज, एसडीएम डॉ. आरपी सिंह, एसडीएम रवेंद्र कुमार मौजूद रहे।