जमुनहा (श्रावस्ती)। हरिहरपुर करनपुर के मजरा हरिहरपुर में बुधवार को बच्चों के विवाद के बाद एक बालक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। गुरुवार को उसका शव गांव स्थित कुएं में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पिता ने पुत्र की हत्या की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर करनपुर के मजरा हरिहरपुर गांव निवासी पेशकार यादव पुत्र साबित राम का सात वर्षीय पुत्र मंगलेश यादव बुधवार को गांव के निकट एक मंदिर पर कथा में शामिल होने गया था। इस दौरान चप्पल चोरी को लेकर बच्चों में विवाद हो गया था। इस पर चप्पल चोरी का आरोप लगाते हुए कुछ बच्चों ने मंगलेश का पीछा किया। मारपीट के डर से मंगलेश वहां से भाग निकला, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।
देर रात तक मंगलेश के घर न पहुंचने पर परिवारीजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से उसकी तलाश शुरू कराई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बाद भोर में मंगलेश की लाश गांव निवासी आत्माराम के घर के पास स्थित कुएं में उतराती दिखी। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पेशकार को दी। बेटे की लाश देख परिवारीजन बदहवास हो गए। पेशकार की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने लाश को ग्रामीणों के सहयोग से कुएं से बाहर निकलवाया। जिसका बाद में पंचनामा भरा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
वहीं मृतक के पिता पेशकार ने अपने पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए मल्हीपुर पुलिस को तहरीर दी है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर देवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।